15 अगस्त पर हर घर में फहराया जायेगा तिरंगा- डीएम

– “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने हेतु जिलाधिकारी ने ली बैठक
– 09 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान
उत्तरकाशी। राजेन्द्र भट्ट
15 अगस्त को भव्य रूप देने तथा हर घर तिरंगा अभियान को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते डीएम प्रशांत आर्य ने कहा कि “हर घर तिरंगा” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान के प्रति जन-जन को जागरूक करने का एक जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
गुरूवार को डीएम प्रशांत आर्य ने स्वतंत्रता दिवस–2026 के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले “हर घर तिरंगा” अभियान को जनपद में व्यापक एवं सफल रूप से संचालित किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में वीसी के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस मौके पर सीडीओ जय भारत सिंह ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 09 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियों पर चर्चा की और उनकी रूपरेखा बनाने के निर्देश दिए। अभियान के अंतर्गत तिरंगा रैली के आयोजन जिसमें छात्रों, युवाओं, अधिकारियों, सशस्त्र बलों के कर्मियों, सामुदायिक संगठनो सहित समाज के सभी लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने, वंदे मातरम गायन, रैली हेतु रूट निर्धारित करने सहित सभी बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान तिरंगा संगीत कार्यक्रमो का आयोजन किया जाएगा जिसमें देशभक्ति गीत, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन, तिरंगा गान और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होगी। स्वतन्त्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन भी शामिल रहेगा।

इस दौरान तिरंगा प्रदर्शनी के आयोजन, तिरंगा साइकिल/ई–बाइक रैलियां, ध्वज की उपलब्धता, रंगोली निर्माण, हर घर तिरंगा 2026 अभियान के तहत आम जनता, अधिकारी और कार्मिक को हर घर तिरंगा पोर्टल www.harghartiranga.com पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करके डिजिटल अभियान में प्रतिभाग करने पर जोर दिया गया।

सरकारी भवनों, पुलों, सड़को, स्कूलों, अस्पतालों, बाजारों, प्रमुख चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा थीम वाली रोशनी और सजावट करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक परिवार अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा तिरंगे के प्रति सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाए। इस दौरान तिरंगा संहिता का भी अनुपालन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/पंचायत सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *