आईटीबीपी जवानों ने गंगा घाटों पर चलाया स्वच्छता अभियान

उत्तरकाशी, राजेंद्र भट्ट
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश के बाद जिले में व्यापक स्तर पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। चारधाम यात्रा के मद्देनजर तीर्थयात्रियों और स्थानीय जनता को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और निकायों को नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्वच्छता अभियान चलाकर यात्रा मार्गों को प्लास्टिक और कूड़ा मुक्त रखने के कड़े निर्देश दिए हैं।
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आज गंगा घाटी के अंतर्गत नगर पंचायत गंगोत्री और भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से यात्रा मार्ग के संवेदनशील पड़ाव भैरव घाटी में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के दौरान यात्रा मार्ग और आसपास के जंगलों से भारी मात्रा में सूखा कूड़ा, प्लास्टिक की बोतलें, रैपर्स और अन्य अपशिष्ट एकत्रित किया गया। टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए कुल लगभग 70 से 80 किलोग्राम कूड़े का संग्रह कर उसे निस्तारण के लिए भेजा गया।
दूसरी ओर यमुना घाटी में भी सफाई व्यवस्था को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। घाटी के प्रमुख पड़ावों और बाजारों जैसे गंगनानी, खरादी, कुथनौर, पालीगाड, स्यानाचट्टी और रानाचट्टी आदि क्षेत्रों से नियमित रूप से कूड़ा एकत्रित किया जा रहा है। एकत्रित किए गए इस कचरे को रोजाना वाहनों के माध्यम से डंपिंग ज़ोन और निस्तारण केंद्रों तक भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *