राजकीय जूनियर शिक्षक संघ के दिनेश असवाल बने अध्यक्ष

उत्तरकाशी, राजेन्द्र भट्ट
उत्तराखंड राजकीय जूनियर शिक्षक संघ,शाखा उत्तरकाशी की ओर से आयोजित शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी एवं 12वें त्रिवार्षिक अधिवेशन शनिवार देर सांय को विधिवत रूप से संपंन हो गया। अधिवेशन में शिक्षक संघ की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें सर्व सहमति से दिनेश असवाल को अध्यक्ष ,घनश्याम प्रसाद पैन्यूली महामंत्री,राकेश कुमार कोषाध्यक्ष तथा मोहन लाल शाह को संयुक्त मंत्री चुना गया।
शनिवार को बड़कोट में आयोजित शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का शुभारंभ यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने किया। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को उचित स्तर पर रखने का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी शिक्षकों की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखने की बात कही। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार की चुप्पी पर वक्ताओं ने गहरी नाराजगी जताई। वक्ताओं ने 55 से 58 वर्ष की आयु के शिक्षकों के लिए भी टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किए जाने के निर्णय का विरोध करते हुए इसे शिक्षकों के हितों के विपरीत बताया। गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक पहले से ही शिक्षण कार्य के अलावा विभिन्न गैर-शैक्षणिक कार्यों के अतिरिक्त बोझ से दबे हुए हैं। इसके बावजूद शिक्षकों की समस्याओं और लंबित मांगों के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान कराने वाला कोई मंच प्रभावी रूप से नजर नहीं आ रहा है।
इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी के विनोद थापा प्रदेश अध्यक्ष, जगवीर सिंह रमोला महामंत्री, मनोज शाह कोषाध्यक्ष, सुरेश भट्ट संयुक्त मंत्री, पूर्व कार्यकारिणी के अध्यक्ष भगत सिंह महार, कोषाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद पैन्यूली, जिला मंत्री दिनेश चौहान, संयुक्त मंत्री महावीर सजवाण सहित पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसोदा राणा, अवतार सिंह, निर्मला वर्मा, गीता, पुष्पलता, हरददेव भंडारी, बर्फिया लाल, कमलेश, सरदार सिंह, सुमेरसिंह, प्रताप सिंह, पारू, नर्मदा, उज्ज्वला, मीना, अनीता आदि बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *