– अब गांव-गांव पहुंचेगा पर्यटन, अल्पज्ञात स्थलों को विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने की तैयारी
– प्रशासन दिसंबर करायेगा विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव,
– ट्रेकिंग, बर्ड वॉचिंग, स्टारगेजिंग और हॉट एयर बैलून जैसी गतिविधियों से बढ़ेगा शीतकालीन पर्यटन,
उत्तरकाशी, शीतकालीन पर्यटन को नई पहचान दिलाने और सर्दियों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने दिसंबर में विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव आयोजित करने की पहल शुरू कर दी है। इसके तहत जिले के उन अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों और खूबसूरत गांवों को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने की पहल की जाएगी, जहां अभी तक पर्यटकों की आवाजाही अपेक्षाकृत बहुत कम है।
गुरूवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर पत्रकारों से चर्चा की। इस मौके पर उन्होंने दिसम्बर में होने वाले कॉनक्लेव के दौरान ट्रेकिंग, विलेज टू विलेज कार्यक्रम, बर्ड वॉचिंग, स्टारगेजिंग, साइक्लोथॉन, हॉट एयर बैलून और पैरामोटर जैसी रोमांचक गतिविधियां आयोजित करने की जानकारी साझा की। डीएम आर्य ने कहा कि जिले में कई ऐसे पर्यटन स्थल और गांव हैं, जिनमें पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन अभी तक उन्हें अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई है। ऐसे क्षेत्रों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाई जा सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने इन क्षेत्रों में होम स्टे को प्रोत्साहित करने के साथ ही ट्रैकिंग ट्रैक्शन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।कहा कि विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव का उद्देश्य केवल शीतकालीन पर्यटन गतिविधियों का विस्तार करना नहीं, बल्कि जनपद के अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाना और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसर विकसित करना भी है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ जनपद की पर्यटन क्षमता को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।