हर्षिल में आर्मी गुडविल स्कूल खोलने की मांग तेज
उत्तरकाशी, भारत चीन सीमा से सटे व वाइब्रेंट विलेज हर्षिल में स्थानीय ग्रामीणों ने गुणवत्ता परक शिक्षा के लिए हर्षिल क्षेत्र में आर्मी गुडविल स्कूल खोलने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गुणवत्ता परक शिक्षा न होने के कारण क्षेत्र से लगातार पलायल हो रहा है। जिसको रोकने के आर्मी गुडविल स्कूल की स्थापना की जाना जरूरी है।
रविवार को ग्रामीण विकास संगठन स्वायत सहकारिता भवन हर्षिल में सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों की महापंचायत की बैठक आयोजित की गई। जिसमें वाइब्रेंट विलेज क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों, अभिभावकों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। इस मौके पर महापंचायत में सीमांत क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव के कारण बढ़ रहे शैक्षिक पलायन पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि क्षेत्र में आर्मी गुडविल स्कूल की स्थापना समय की प्रमुख आवश्यकता है। ग्राम प्रधान झाला अभिषेक रौतेला ने कहा कि बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के अभाव में अनेक परिवार अपने बच्चों की शिक्षा हेतु गांव छोड़ने को विवश हैं, जिससे सीमांत क्षेत्रों में पलायन लगातार बढ़ रहा है। निर्णय लिया कि क्षेत्र के सभी गांवों से विद्यार्थियों, बाहर अध्ययनरत बच्चों, शिक्षा के कारण पलायन कर चुके परिवारों तथा स्थानीय शिक्षित युवाओं का विस्तृत आंकड़ा संकलित किया जाएगा। जिससे क्षेत्र में आर्मी गुडविल स्कूल की आवश्यकता को तथ्यों एवं जनसमर्थन सहित संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जा सके। उन्होंने भारत सरकार, उत्तराखण्ड सरकार तथा भारतीय सेना से आग्रह किया कि सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा को सुदृढ़ करने, पलायन को रोकने तथा वाइब्रेंट विलेज की अवधारणा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से हर्षिल क्षेत्र में आर्मी गुडविल स्कूल की स्थापना हेतु आवश्यक कार्यवाही शीघ्र की जाए। इस मौके पर ग्रामीणों ने इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
फोटो 1. हर्षिल में आर्मी गुडविल स्कूल खोलने की मांग को लेकर बैठक करते ग्रामीण