डख्याट गांव में चौपाल लगा डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याऐं

-डांडा गांव छानी से तटाऊ तक 3 किमी मोटर मार्ग की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट तलब की
उत्तरकाशी। दो दिवसीय यमुना घाटी भ्रमण पर पहुंचे डीएम प्रशांत आर्य ने नौगांव ब्लॉक के डख्याटगाँव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। इस मौके पर डीएम ने डांडा गांव छानी से तटाऊ महाविद्यालय तक स्वीकृत 3 किमी मोटर मार्ग के निर्माण कार्य में हो रहे विलंब पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और ईई लोनिवि को सड़क की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
शनिवार को डख्याट गांव में आयेाजित चौपाल में ग्राम प्रधान बिशाल सिंह तथा ग्रामीणों ने गांव के अवस्थापना विकास, पेयजल, शिक्षा व सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मांग और समस्याओं को डीएम के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय की जर्जर स्थिति, पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र भवन की मांग से अवगत कराया। जिस पर जिलाधिकारी आर्य ने वीडीओ नौगांव को नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण को कहा। गाँव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत अधूरे पड़े कार्यों के कारण बाधित हो रही जल आपूर्ति पर डीएम ने कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के लिए निर्देश दिए। चौपाल में गाँव के युवाओं की जरूरतों पर चर्चा के दौरान प्राथमिक विद्यालय परिसर में खेल मैदान का व्यवस्थीकरण, समतलीकरण तथा युवाओं के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग को कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्रामीण चौपाल के दौरान एक महिला ने जिलाधिकारी प्रशांत आर्य को अपनी दो वर्षीय बालिका आराध्या की आंख से संबंधित समस्या के बारे में अवगत कराया। बालिका की कॉर्निया से संबंधित समस्या की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए मौके पर उपस्थित एसीएमओ को बालिका का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बालिका के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और आवश्यकतानुसार अग्रिम चिकित्सा कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बीडीओ नौगांव विजेन्द्र चौहान, एसीएमओ रमेश चंद्र आर्य, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा, पीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *