– सिंचाई विभाग की एनओसी के बाद ही आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
– जिलाधिकारी ले ली पर्यटन एवं स्वरोजगार योजनाओं की बैठक
– प्राधिकरण से नक्शा पास कराने से लेकर पार्किंग तक मानकों का कड़ाई से करे अनुपालन
उत्तरकाशी, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जिले में भागीरथी, यमुना व टौंस नदी सहित अन्य प्रमुख नदियों के 100 दायरे में बनने वाले होम स्टे व होटल निर्माण पर सख्ताई कर दी है। उन्होंने होम स्टे व होटल निर्माण के लिए विकास प्राधिकरण से नियमानुसार नक्शा पास कराये जाने के साथ ही मुख्य नदियों से 100 मीटर के दायरे में संबंधित प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन करने के आदेश दिए हैं। कहा कि इस तरह के मामलों में सिंचाई विभाग से आवश्यक एनओसी मिलने के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
गुरूवार को कलक्ट्रेट में डीएम प्रशांत आर्य ने पर्यटन विभाग की जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक ली। बैठक में दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) विकास योजना, वीरचन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना तथा ट्रैकिंग-ट्रैक्शन सेन्टर होम स्टे अनुदान योजना के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। इस मौके पर डीएम ने होटल एवं होम स्टे श्रेणी के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण करने और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत वाहन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जांच करने के उपरांत ही पात्र आवेदनों को स्वीकृति की प्रक्रिया हेतु आगे बढ़ाया जाने के निर्देश दिये। कहहा कि स्टेट प्रॉपर्टी रूल्स एवं नेशनल बिल्डिंग कोड के मानकों को आवश्यतानुसार लागू किया जाए। इस श्रेणी के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में कमरों की संख्या के अनुसार निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाए। बैठक में डीटीडीओ ने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास योजना में 28, वीरचन्द्र सिंह गढ़वाली योजना के 11 तथा गैर-वाहन मद में 09 शामिल हैं। इसके सापेक्ष कुल 17 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें वाहन मद में 05 तथा गैर-वाहन मद में 12 आवेदन शामिल हैं। ट्रैकिंग-ट्रैक्शन सेन्टर होम स्टे अनुदान योजना के 31 नए आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, डीटीडीओ खुशाल नेगी, लीड बैंक मैनेजर ब्रह्मानंद सिंह, जीएम डीआईसी वैभव कुमार, नाबार्ड से पारित गुप्ता सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, अधिकारी मौजूद रहे।