ऋण वसूली में लापरवाही पर सख्त हुई जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष
10 प्रतिशत से कम वसूली वाली शाखाओं के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश
उत्तरकाशी, जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने ऋण वसूली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने 10 प्रतिशत से कम ऋण वसूली करने वाली बैंक शाखाओं के कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऋण वसूली में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विकास भवन सभागार में जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा की अध्यक्षता में बैंक शाखा प्रबंधकों और बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के सचिवों एवं प्रबंध निदेशकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक की कार्यप्रणाली, ऋण वितरण, ऋण वसूली और सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण वितरण के साथ एनपीए वसूली की स्थिति पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बैंक शाखाओं को आवंटित निक्षेप संचय, ऋण वितरण और वसूली के लक्ष्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा में सहकारी समितियों के माध्यम से ऋण वितरण और एनपीए वसूली की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों और समिति सचिवों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष शारदा राणा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बैंक की ओर से जनपद के किसानों और युवाओं को दीनदयाल योजना के अंतर्गत शून्य ब्याज दर पर 40 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। उन्होंने आगामी दो माह में योजना के तहत आवंटित शेष ऋण वितरण लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को मिशन मोड में काम करने को कहा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक किसानों तक बैंकिंग योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आगामी माह में प्रत्येक विकासखंड स्तर पर ऋण मेले आयोजित किए जाएंगे।
इस मौके पर बैंक उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह, सहायक निबंधक भारत सिंह, सचिव एवं महाप्रबंधक मुकेश माहेश्वरी, नाबार्ड के डीडीएम पारित गुप्ता सहित बैंक के उपमहाप्रबंधक, शाखा प्रबंधक, अपर जिला सहकारी अधिकारी और विभिन्न सहकारी समितियों के सचिव मौजूद रहे। नौगांव, पुरोला और मोरी विकासखंड के शाखा प्रबंधकों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।