दयारा बुग्याल ट्रेकिंग पर आई नैनीताल की युवती लापता, सर्च ऑपरेशन जारी
-ट्रेकिंग के लिए 29 से 31 तक मिली थी अनुमति
– शुक्रवार को दयारा के गोई में रूकने के बाद लापता है युवती
उत्तरकाशी, विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल दयारा बुग्याल की ट्रेकिंग पर आई एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। युवती के लापता होने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित राजस्व व पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर युवती की तलाश में जुटी हुई है। लेकिन दूसरे दिन रविवार सांय तक भी युवती का कुछ पता नही चल पाया है।
जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, गत शुक्रवार को जनपद नैनीताल निवासी बबीता पांडेय अपने दो अन्य साथी हरमनप्रीत सिंह व हरमनपाल सिंह के साथ दयारा बुग्याल की ट्रेकिंग को उत्तरकाशी पहुंचीं थीं। तीनों लोगों ने शुक्रवार को रैथल से दयारा बुग्याल के लिए ट्रेकिंग शुरू की और रात्री विश्राम के लिए रथैल से चार किमी. की चढ़ाई पर स्थित गोई नाम स्थान पर कैंप किया था लेकिन इसी बीच युवती कहीं लापता हो गई। युवती के लापता होने पर उसके साथ आए साथियों ने खोजबीन शुरू की। युवती का जब कहीं कुछ भी पता नही चला तब उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग ने शनिवार सांय को प्रशासन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही शनिवार रात को पुलिस, राजस्व व एसडीआरएफ व वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। रविवार सुबह एनडीआरएफ की टीम डॉग स्कॉयड व ड्रोन कैमरे के साथ मौके लिए रवाना हुई लेकिन दोपहर तक भी युवती का कुछ पता नही चल पाया था। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि युवती की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी है। रेस्क्यू टीम डॉग स्कॉयड के साथ मौके पर सर्च अभियान में जुटी है। दूसरी ओर, प्रशासन की सूचना के बाद युवती के परिजन भी युवती की तलाश के लिए रैथल पहुंच गए हैं।