गाजणा क्षेत्र को देहरादून से सीधी बस सेवा से जोड़ने की मांग

मुख्यमंत्री से मिले गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, कमद से रोडवेज बस चलाने का सौंपा ज्ञापन
उत्तरकाशी। गाजणा क्षेत्र को देहरादून से सीधी बस सेवा से जोड़ने की मांग उठी है। मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर क्षेत्र के आधार केंद्र कमद से देहरादून के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।

किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि गाजणा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न कार्यों के लिए देहरादून आना-जाना पड़ता है। यह क्षेत्र टिहरी जिले के लंबगांव क्षेत्र से भी जुड़ा हुआ है, लेकिन अब तक देहरादून के लिए सीधी सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध नहीं है।उन्होंने कहा कि सीधी बस सेवा नहीं होने से ग्रामीणों को देहरादून पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ता है। इससे विशेषकर मरीजों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
भट्ट ने जनहित को देखते हुए कमद से देहरादून के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बस सेवा शुरू होने से गाजणा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनका समय व खर्च भी बचेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मांग पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *