पुलिस लाइन ज्ञानसू में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया

नन्हे-नन्हे कान्हाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों, पहाड़ी लोकनृत्यों एवं हे0का0 धमेन्द्र परमार के गीतों ने बांधा समां।

उत्तरकाशी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर पुलिस लाइन ज्ञानसू में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के निर्देशन में आयोजित भजन, कीर्तन, सांस्कृतिक संध्या एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में पुलिस परिवारों तथा विभिन्न स्कूलों गोस्वामी गणेशदत्त, ऋषिराम शिक्षण संस्थान,आदिशंकराचार्य,मसीह दिलासा स्कूल बालिका इण्टर कॉलेज/डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग कर कार्यक्रम का आनंद लिया।

पुलिस लाइन परिसर में जनपद के विभिन्न थाना/कोतवाली एवं यातायात पुलिस द्वारा आकर्षक एवं रचनात्मक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की झांकियां सजाई गईं। माननीय विधायक गंगोत्री श्री सुरेश चौहान, जिलाधिकारी उत्तरकाशी श्री प्रशांत कुमार आर्य एवं पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा झांकियों का अवलोकन किया गया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ
सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों— माननीय विधायक गंगोत्री श्री सुरेश चौहान, जिलाधिकारी उत्तरकाशी श्री प्रशांत कुमार आर्य, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय, श्रीमती जयश्री राणा, सिविल जज (सीनियर डिविजन), श्रीमती करिश्मा डंगवाल, सिविल जज (जूनियर डिविजन), एवं श्रीमती नैन्सी छावड़ा सिविल जज (जूनियर डिविजन), एव अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही पुलिस लाइन ज्ञानसू का वातावरण कृष्ण भक्ति एवं उत्सव के रंग में सराबोर हो उठा।

भक्तिमय प्रस्तुतियों एवं पहाड़ी संस्कृति ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या में स्कूली बालिकाओं द्वारा भक्तिमय वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। वहीं पुलिस परिवार के सदस्यों द्वारा गढ़वाली एवं जौनसारी गीतों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। पुलिस परिवार की महिला पुलिस टीम द्वारा गढ़वाली एवं जौनसारी गीतों पर प्रस्तुत तांदी नृत्य ने कार्यक्रम में पहाड़ी संस्कृति के रंग भर दिए।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे नन्हे-नन्हे कान्हा, जो भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजकर पहुंचे। मासूम चेहरे, नन्ही अदाएं एवं मनमोहक प्रस्तुतियों से इन नन्हे कलाकारों ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया।वहीं मुख्य आरक्षी श्री धमेन्द्र परमार (लोक गायक) द्वारा प्रस्तुत शानदार जौनसारी गीतों ने सांस्कृतिक संध्या में चार चांद लगा दिए। उनकी धमाकेदार प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम में मौजूद दर्शक जमकर झूमे और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

मध्यरात्रि में हुआ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
मध्यरात्रि में पुलिस लाइन परिसर स्थित सिद्धपीठ काली मंदिर में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं पूजा-अर्चना का क्रम देर रात्रि तक चलता रहा।रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पावन क्षण पर पूरा सिद्धपीठ काली मंदिर परिसर भक्तिमय भजनों एवं जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने नाच-गाकर कान्हा के जन्म की खुशी मनाई और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।

झांकियों में दिखी रचनात्मकता एवं भक्ति की झलक
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जनपद के विभिन्न थानों एवं यातायात पुलिस द्वारा सजाई गई आकर्षक झांकियों में कलात्मकता के साथ-साथ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेशों की भक्तिमय झलक देखने को मिली।

निर्णायक मंडल द्वारा चयनित विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। झांकी प्रतियोगिता में यातायात पुलिस की झांकी ने प्रथम स्थान, थाना पुरोला ने द्वितीय स्थान तथा कोतवाली उत्तरकाशी एवं थाना बड़कोट की झांकी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *