किसान ऋण मेले से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती : शारदा राणा

नौगांव में आयोजित किसान ऋण मेले में 304 लाभार्थियों को 2.74 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित
किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहकारी बैंक की पहल

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड परिसर नौगांव में किसान ऋण मेला-2026 का भव्य आयोजन किया गया। जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस मेले में कुल 304 कृषकों एवं लाभार्थियों को बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत 274.82 लाख रुपये (2 करोड़ 74 लाख 82 हजार रुपये) के ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्याम डोभाल, उपाध्यक्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, सत्येन्द्र सिंह राणा, अध्यक्ष शारदा राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि सहकारिता केवल बैंकिंग और ऋण वितरण तक सीमित व्यवस्था नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और गांवों में आत्मनिर्भरता का आधार तैयार करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि बैंक का संकल्प है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र किसान, युवा, महिला अथवा ग्रामीण उद्यमी वित्तीय सहायता के अभाव में अपने सपनों को पूरा करने से वंचित न रहे। कहा कि उत्तरकाशी जैसे पर्वतीय जनपद में सहकारी बैंक की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। यहां की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन एवं छोटे स्वरोजगार आधारित कार्यों पर निर्भर है। ऐसे में किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना बैंक की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैंक की योजनाओं का उद्देश्य केवल वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने किसानों एवं युवाओं से बैंक की विभिन्न ऋण और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की।
मुख्य अतिथि श्याम डोभाल ने जिला सहकारी बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसान ऋण मेले जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बैंक प्रबंधन के प्रयासों को सराहनीय बताया।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने भी सहकारी बैंक की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा किसानों एवं ग्रामीण लाभार्थियों को इनका लाभ दिलाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री परशुराम जगूड़ी, अमिता परमार, विशालमणि डिमरी, कल्पना डोभाल, श्री जयेंद्र सिंह राणा, श्रीमती वर्षा राणा, बैंक संचालक रमिता राणा, बलवीर सिंह चौहान, जगमोहन रावत, जगमोहन पंवार एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *