प्रभावित परिवारों को दिए 6 लाख 45 हजार रूपए की धनराशी
उत्तराकशी, धराली आपदा प्रभावितों के प्रति लोगों की संवेदनायें दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। आपदा प्रभावितों की मदद के लिए संगठन हर संभव मदद को तैयार है। सोमवार को सौम्यकाशी रोटरी क्लब व काशी विश्वनाथ सेवा मंडल उत्तरकाशी की ओर से धराली आपदा के प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया और उन्हें यथा संभव आर्थिक सहायता प्रदान की ।
काशी विश्वनाथ सेवा मण्डल व सौम्य काशी रोटरी कल्ब के सदस्य धराली गांव पहुंचे। जहां उन्होंने आपदा में दिवंगत हुए जनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सभी की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने धराली गांव के 8 मृतकों के आश्रित 6 परिवारों को 75 हजार रू. प्रति परिवार की धनराशि देकर आर्थिक मदद की। वहीं होटलों में काम कर रहे मृतकों के आश्रितों को 21 हजार रू. प्रति परिवार तथा नेपाली मृतकों के आश्रितों को प्रति परिवार रुपए 11 हजार की धनराशि के साथ कुल ६ लाख 45 हजार के चेक वितरित किए गए। काशी विश्वनाथ के मंहत अजय पुरी ने बताया कि श्री विश्वनाथ सेवा मंडल द्वारा पूर्व में भी आई आपदाओं में यथा संभव सहायता उपलब्ध कराई गई है। वर्तमान में रक्त सेवा, गुरुकुलम सेवा,पशु आहार सेवा,गौ सेवा, निःशुल्क चिकित्सा शिविर आदि कार्य अनवरत जारी हैं ।
इस अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर के महन्त अजय पुरी, परशुराम मंदिर के पुजारी एवं रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष शैलेन्द्र नौटियाल , रोट्रेक्ट क्लब की अध्यक्षा श्रीमती रमा डोभाल, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रताप सिंह बिष्ट ‘संघर्ष’, अनघा फाउंडेशन के सचिव सुभाष कुमांईं, कन्हैया सेमवाल, माधव भट्ट, राम मोहन रावत तथा अखिल पंत, धराली प्रभावित परिवारों के उमेश पंवार,सुनील पंवार,सूरज पंवार, शैलेंद्र पंवार,अखिल राणा, अजयपाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।