– सोमवार रात को गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, डीएम प्रशांत आर्य व एसपी ने किया शुभारंभ
– विधायक बोले हम सभी को भगवान राम के आदर्श जीवन व सिद्धांतो को करना होगा आत्सात
उत्तरकाशी,जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में श्री रामलीला का मंचन शुरू हो गया। श्री आदर्श रामलीला समिति की ओर से आयोजित मंचन के पहले दिन सोमवार रात को रावण तपलीला,कैलाश लीला एवं पृथ्वी विचार लीला दर्शकों के लिए आकर्षण का केन्द्र रही। कार्यक्रम का शुभारंभ करते गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि हमे भगवान राम के आदर्श जीवन और उनके सिद्धांतों को आत्मसात करना चाहिए।

उत्तरकाशी के रामलीला मैदान में श्री आदर्श रामलीला समिति की ओर से आयोजित 75 वें वर्ष की रामलीला का शुभारंभ सोमवार देर रात को गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, डीएम प्रशांत आर्य एवं एसपी कमलेश उपाध्याय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने रामलीला समिति को 75वें वर्षगांठ की बधाई दी देते हुए कहा कि नगर में आयोजित होने वाले ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को सफल बनाने में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान राम के आदर्श जीवन और उनके सिद्धांतों को आत्मसात करने का अवसर है। दर्शकों को राम के जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। इसके बाद कलाकारों ने रावण तपलीला, कैलास लीला और पृथ्वी विचार लीला का प्रभावशाली मंचन किया। कलाकारों के संवाद, अभिनय और मंच सज्जा ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस दौरान अतिथियों ने रामलीला समिति की स्मारिका का विमोचन भी किया। समिति के अध्यक्ष डॉ. जयेंद्र पंवार और प्रबंधक भूपेश कुडियाल ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला देखने पहुंचने की अपील की।
इस मौके पर ब्रह्मानंद नौटियाल, गजेंद्र मटूड़ा, शांति प्रसाद भट्ट, अरविंद राणा, अमरपाल रमोला, रमेश चौहान, उषा चौहान, किरन पंवार, विजय प्रकाश भट्ट समेत समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।