सचिव आयुष ने आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक अस्पतालों का किया निरीक्षण
राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश
उत्तरकाशी, सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा रंजना राजगुरु ने शुक्रवार को उत्तरकाशी पहुंचकर राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, व्यवस्थाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को प्रतिदिन दवाओं के स्टॉक की नियमित जांच करने के निर्देश दिए।
उत्तरकाशी दौरे के दौरान रंजना राजगुरु ने काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने आयुर्वेदिक अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों की उपस्थिति, उनकी संख्या, दैनिक ओपीडी और मरीजों से फीडबैक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
सचिव ने अस्पताल में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और कैंटीन की उपलब्धता के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और आयुर्वेदिक उपचार एवं पंचकर्म सहित सभी स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला अस्पताल परिसर स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया।
बैठक में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, संयुक्त संचालक चकबंदी राजस्व बोर्ड नरेश चंद दुर्गापाल, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, बृजेश कुमार तिवारी, मुकेश चंद रमोला और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रत्नमणि भट्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।