सीएम की घोषणा पर काशी विश्वनाथ के मंहत अजय पुरी ने जताया सीएम का आभार

उत्तरकाशी, सेवा ज्योति कलश यात्रा के अवसर पर उत्तरकाशी पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी की ओर से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को कोरिडोर के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा पर काशी विश्वनाथ के मंहत अजय पुरी ने खुशी व्यक्त कर सरकार का आभार जताया है। कहा कि गत वर्ष के प्रथम माह से ही श्री विश्वनाथ कॉरिडोर पर मंथन और बिचार- विमर्श चल रहा था। इसके लिए डीएम प्रशांत आर्य एवं पर्यटन अधिकारी को इस सम्बन्ध में भेंट कर पत्र दिया गया। उन्होंने इसमें सकारात्मक पहल करते हुए शासन को पत्र प्रेषित किया। इसी सम्बन्ध में उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री उत्तरकाशी सौरभ बहुगुणा से भी भेंट कर पत्र दिया गया। विगत माह के अंतिम सप्ताह में उत्तरकाशी में उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव श्री आनंद वर्धन जी का उत्तरकाशी में शुभागमन हुआ, साथ ही उत्तरकाशी निवासी अपर सचिव पर्यटन श्री नरेंद्र सिंह भंडारी जी का भी अपने गृह जनपद उत्तरकाशी में शुभागमन हुआ । उनको भी कॉरिडोर के संबंध में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महन्त श्री अजय पुरी जी द्वारा पत्र दिया गया तथा इस संबंध में विस्तार से चर्चा की गई ।
बुधवार को भारतवर्ष के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के यशस्वी सम्मानित मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी का सौम्य काशी उत्तरकाशी शुभागमन हुआ। काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना के पश्चात उनसे समिति के सदस्यों द्वारा मुलाकात की गई तथा श्री विश्वनाथ कॉरिडोर के सम्बन्ध में मांग पत्र दिया गया। माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा इसका संज्ञान लेकर आज के आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने श्री विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण की मंच से सार्वजनिक घोषणा की । उनकी इस घोषणा से कॉरिडोर समिति तथा उत्तरकाशी के लोगों में हर्ष की लहर दौड़ गई। इस पुनीत कार्य के लिए समिति तथा उत्तरकाशी की जनता उनका हृदय की गहराइयों से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करती है। स्कंद पुराण तथा केदार खण्ड में सौम्यकाशी उत्तरकाशी तथा यहां अवस्थित मंदिरों का वर्णन मिलता है । कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा से उत्तरकाशी को पौराणिक महत्ता एवं स्वरूप के साथ-साथ प्राचीनता और आधुनिकता का समन्वित स्वरूप भी देखने को मिलेगा। जिसके लिए उन्होंने सीएम धामी, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान जी, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान , गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट , प्रताप सिंह पंवार , उत्तराखंड राज्य चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष माननीय डॉ जनानंद नौटियाल का आभार व्यक्त किया।
अभार व्यक्त करने वालों में समिति के कोषाध्यक्ष एवं परशुराम मंदिर के पुजारी शैलेन्द्र नौटियाल, गंगोत्री रावल पं. अशोक सेमवाल,समिति के सचिव जगमोहन चौहान, सह कोषाध्यक्ष रमेश पंवार तथा सदस्य केदार सिंह चौहान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *