उत्तरकाशी, डीएम प्रशांत आर्य ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक में समिति द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत विकसित की जा रही सहकारी समितियों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान जिला सहायक निबन्धक सहकारी समितियां द्वारा सहकारिता विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया गया। जनपद में वर्तमान में 36 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियां सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं, जबकि विभाग द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए 42 नई समितियों का गठन किया गया है।
सहकारिता के माध्यम से किसानों की आर्थिक उन्नति सुनिश्चित करने हेतु दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत कुल 6004 लाभार्थियों को ₹5305.89 लाख का ऋण वितरित किया गया है। इसमें 4954 लाभार्थियों को ₹4557.48 लाख का अल्पकालीन ऋण, 1025 लाभार्थियों को ₹659.57 लाख का मध्यकालीन ऋण और 25 स्वयं सहायता समूहों को ₹88.84 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त, जनपद के 19 प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों के माध्यम से अप्रैल 2025 से अब तक बड़ी मात्रा में यूरिया (189.125 मी. टन), डी.ए.पी. (124.400 मी. टन) और एन.पी.के. (123.600 मी. टन) का वितरण कर किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मिलेट मिशन योजना की प्रगति की भी जानकारी ली गई और स्थानीय मोटे अनाजों के उत्पादन और विपणन को बढ़ावा देने और इसमें सुधार लाने के लिए जरूरी कार्य करने के निर्देश दिये। एआर सहकारिता ने बताया कि मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के अंतर्गत 16 समितियों के माध्यम से 2798 लाभार्थियों को 5067.40 क्विंटल साइलेज वितरित किया गया और मिलेट मिशन योजना के तहत इस वर्ष 12 समितियों को ‘मिलेट क्रय केंद्र’ के रूप में स्थापित किया गया, जिनके माध्यम से अब तक 3491.24 क्विंटल मंडुवा की खरीद की जा चुकी है।
इस दौरान सीएचओ रजनीश कुमार, एआर सहकारिता प्रियंका घनसेला, ऐडी डेयरी पीयूष कुमार, एडी मत्स्य नीतीश कुमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।