– व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के दिए निर्देश
उत्तरकाशी।डीएम प्रशांत आर्य ने शुक्रवार को विकास भवन परिसर में संचालित ‘सखी’ वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण कर महिलाओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही आपातकालीन सुविधाओं, परामर्श, चिकित्सीय मदद व अस्थायी आश्रय व्यवस्था की कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंधों और पीड़िता कक्ष की अद्यतन स्थिति को जांचने के साथ ही केंद्र प्रशासक से कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति पंजिका, केस फाइलों एवं प्रबंधन सूचना प्रणाली में दर्ज आंकड़ों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने तैनात परामर्शदाता से सीधा संवाद स्थापित कर पीड़ितों की काउंसलिंग, केस असेसमेंट तथा फॉलो-अप प्रक्रियाओं की समीक्षा की और मानसिक आघात से जूझ रही नारियों को भावनात्मक संबल प्रदान करने हेतु प्रभावी योजना पर कार्य करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पुलिस प्रशासन और हेल्पलाइन नेटवर्क के साथ निरंतर आपसी तालमेल बनाकर कानूनी सहायता प्रणाली को अधिक असरदार बनाया जाए, साथ ही पैरामेडिकल स्टाफ प्राथमिक उपचार सुविधाओं, आवश्यक औषधियों का पर्याप्त स्टॉक तथा इमरजेंसी सेवा को चौबीसों घंटे चुस्त-दुरुस्त रखे। दूरस्थ ग्रामीण इलाकों तक महिला अधिकारों व जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सुनिश्चित करने हेतु जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे पीड़ित महिलाओं को आश्रय, डॉक्टरी सहायता, कानूनी मार्गदर्शन तथा मनोवैज्ञानिक समर्थन एक ही छत के नीचे बिना किसी प्रशासनिक बाधा के निर्बाध रूप से मिलना सुनिश्चित हो सके। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।