रामलीला मैदान के ‘शुद्धिकरण’ मामले में कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग की

उत्तरकाशी। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित रूप से यज्ञ व गंगाजल छिड़ककर किए गए ‘शुद्धिकरण’ के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताई है। बड़कोट नगर कांग्रेस अध्यक्ष ऋषभ कुमार एवं सचिव पवन ने थाना प्रभारी बड़कोट को ज्ञापन देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 10 अगस्त को हल्द्वानी रामलीला मैदान में यज्ञ व गंगाजल छिड़ककर कथित ‘शुद्धिकरण’ किया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे अनुसूचित जाति के लोगों के सार्वजनिक अपमान, सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने तथा संविधान की भावना के विपरीत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कृत्य से अनुसूचित जाति/जनजाति समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। ज्ञापन में एससी/एसटी एक्ट, भारतीय न्याय संहिता तथा अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर दोषियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *