Indian Culinary Society के तत्वावधान में होगा इंडियन दीपावली शेफ्स मिलन समारोह 2026
उत्तरकाशी। नीदरलैंड में विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी Indian Culinary Society के तत्वावधान में इंडियन शेफ्स मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन में भारतीय हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में कार्यरत उत्तराखंड के शेफ विशेष रूप से शामिल होंगे।
इस आयोजन की खास बात यह है कि इस बार उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान और पहाड़ी संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।
भारतीय हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे शेफ टीकाराम सिंह ने बताया कि इस समारोह में उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें जख्या आलू, पहाड़ी लाल चावल, भंगजीरे की चटनी, मंडुवे के चिप्स और प्याज के मंडुवे के पकौड़े जैसे पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने में शेफ पृथ्वी राणा, शेफ टीकाराम सिंह, शेफ आलम सिंह नेगी, शेफ त्रिलोक सिंह नेगी, शेफ हिमालय सिंह रावत, शेफ धर्म सिंह नेगी, शेफ महिपाल सिंह राणा सहित कई अन्य शेफ और सहयोगी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम के लिए लगभग 200 से 300 भारतीय शेफ और अन्य आमंत्रित अतिथियों को निमंत्रण दिया गया है। इस अवसर पर सभी लोग एक ही मंच और एक बैनर के नीचे एकत्रित होकर भारतीय खानपान, उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति और संगीत का आनंद लेंगे।
इस समारोह का उद्देश्य केवल शेफ्स का मिलन ही नहीं, बल्कि विदेश की धरती पर भारतीय खानपान की विविधता और उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों को पहचान दिलाना भी है।
विदेश की धरती पर पहाड़ का स्वाद, अपनी संस्कृति का सम्मान और भारतीय शेफ्स की एकजुटता — यही इस आयोजन की विशेष पहचान होगी।