उत्तरकाशी,मानदेय बढ़ाने, सेवानिवृति होने पर दस लाख रूपए भत्ता दिए जाने सहित तीन सूत्रीय मांगो पर कार्यवाही न होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सोमवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी है।
सोमवार को विकासखंड डुंडा व भटवाड़ी क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका कलक्ट्रेट परिसर पहुंची। जहां उन्होंने मांगो को लेकर सरकार के विरूद्ध प्रदर्शन किया और समस्याओं के निस्तारण की मांग की। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व मिनी कर्मचारी संगठन की जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी नौटियाल ने बताया कि वह लम्बे समय से मांगों को लेकर लम्बे समय से आंदोलित है। लेकिन सरकार उनकी मांगो पर ध्यान नही दे रही है। जिस पर जिलेभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ब्लॉकों में पूरी तरह से कार्य बहिष्कार पर हैं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण है और उनका उद्देश्य केवल अपनी समस्याओं को सरकार के समक्ष रखना है।
सोमवार को प्रदर्शनकारियों में जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी, जिला सचिव सुमित्रा, तारा, सुनीता देवी पंवार, संगीता सेमवाल, विजयलक्ष्मी चौहान, भुवनेश्वरी, वंदना नौटियाल शामिल थे।