पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे: आर्य

उत्तरकाशी, नव नियुक्त जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने कहा कि जनपद में विकास कार्यों प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा। चारधाम यात्रा को बेहतर और पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूवर्क संपन्न कराने के लिए तत्पर हैं।
सोमवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रेस प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता आयोजित की, जिसमें उन्होंने जिले के विकास, जन कल्याण और आगामी प्रमुख चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी प्राथमिकताओं की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार मीडिया से औपचारिक संवाद किया और जिले की प्रगति के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा (श्री गंगोत्री धाम और श्री यमुनोत्री धाम) का सुचारु और सुरक्षित संचालन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को और सरल बनाने, मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

मानसून के संभावित खतरों को देखते हुए जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों को गंभीरता से लिए जाने को कहा और इसे प्रमुख प्राथमिकता बताया। उन्होंने बताया कि आपदा प्रतिक्रिया टीमों (NDRF/SDRF) को हाई अलर्ट पर रखा गया है, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर ली गई है और बचाव व राहत कार्यों के लिए आवश्यक उपकरणों व सामग्री का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान दें और प्रशासन का सहयोग करें।
उत्तरकाशी की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की असीम संभावनाओं का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने और इससे जुड़ी आजीविका को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इको-टूरिज्म, साहसिक पर्यटन और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
जिलाधिकारी ने महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता पर जोर दिया और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और जिले में शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए नवीन प्रयास किए जाने की बात की। जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी, और सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
जिले में सड़क संपर्क और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास को महत्वपूर्ण बताते हुए, कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और अन्य योजनाओं के तहत सड़कों के निर्माण और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि दुर्गम क्षेत्रों तक आवागमन आसान हो सके।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों और जिले की जनता से अपील की कि वे जिला प्रशासन के साथ मिलकर जनपद को विकास और प्रगति में सहयोग करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेगा।
मीडियाकर्मियों से जिले के विकास के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ रिपोर्टिंग करने और समस्याओं व खामियों का उजागर करने की अपेक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मीडिया के द्वारा सामने लाये जाने वाले मामलों का संज्ञान लिया जाएगा और पत्रकारों के सुझावों का भी सदैव स्वागत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *