– फंसे यात्रियों को निकालने के लिए सड़क को खोलने का काम तेज, वैकल्पिक व्यवस्था पर भी काम
उत्तरकाशी ।
उत्तरकाशी जिले की यमुना घाटी क्षेत्र में शनिवार की देर रात्रि से लगातार हो रही बारिश से अलग-अलग स्थानों पर अतिवृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। यमुनोत्री हाईवे पर पालीगाड़ से करीब 5 किमी आगे सिलाई बैंड के पास अतिवृष्टि से हुए भूस्खलन के कारण दो की मोत हो गई। जबकि सात लोग अभी लापता है। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, राजस्व, एनएच बडकोट और स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा रेस्क्यू जारी है। दूसरी ओर जिला प्रशासन ने मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए अगले 24 घंटों के लिए चारधाम यात्रा को रोक दिया है। जनपद में स्थित सभी तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के लिए पुलिस एवं संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

तहसील बड़कोट के अंर्तगत सिलाई बैंड के पास रविवार सुबह अतिवृष्टि की घटना में 2 मजदूरों की मौत हो गई। जिनके शव दोपहर बाद बरामद किए गए हैं। जबकि 7 अभी भी लापता हैं। जबकि 20 मजदूरों को सकुशल निकाला गया है। घटना स्थल पर लापता मजदूरों की खोज के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें युद्धस्तर पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है।
मौके पर पहुंचीं अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने बताया कि सिलाई बैंड पर देर रात्रि को पुलिस व राजस्व की टीम ने रेस्क्यू करते हुए अब तक 20 मजदूरों को सुरक्षित निकाला है। कहा कि यमुनोत्री धाम की ओर के तीर्थ यात्रियों को जानकीचट्टी में रुकवाया गया है, जबकि नीचे से आने वाले तीर्थयात्रियों को खरादी में रुकने को कहा गया है। सिलाई बैंड के पास कई जगह से सड़क वॉशआउट होने से तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर रूकवाया गया है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू में जुटे कर्मियों को भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जिन यात्रियों की बुकिंग नहीं है, उनके लिए भी भोजन की व्यवस्था की जा रही है। जानकीचट्टी में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए लगातार सड़क को जल्द खोलने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा यात्रियों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है। उप जिलाधिकारी बड़कोट बृजेश तिवारी भी मौके पर रहकर राहत व बचाव कार्यों का पर्यवेक्षण कर रहे हैं।
वहीं पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र नेगी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पालीगाड़ और स्यानचट्टी से पुलिस टीम रेस्क्यू के लिए भेज दी गयी थी। दो शव मिले है बाकी अन्य की खोजबीन जारी है। यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने घटना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने लापता मजदूरों के परिजनों को भरोषा दिलाया कि प्रशासन हर सम्भव मदद करते हुए खोजबीन कर रहा है।
…

घटनास्थल पर ये भी रहे मौजूद
इस मौके पर उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, तहसीलदार रेनू आदेश सैनी, जिलापूर्ति अधिकारी, थानाध्यक्ष दीपक कठैत, पालीगाड़ चौकी इंचार्ज कांतिराम जोशी सहित दर्जनों लोग मौजूद थे
….
मृतक व्यक्तियों का विवरण
1. दूजेलाल, निवासी पीलीभीत ( 55 वर्ष )
2.केवल विष्ट पुत्र बम बहादूर निवासी कर्ममोहनी थाना राजापूर जिला नेपाल ( 43 वर्ष)
लापता व्यक्तियों का विवरण
1. 33 वर्षीय रोशन चौधरी पुत्र ल्लू धारू उम्र निवासी भीमपुर थाना राजापुर जिला वर्दिया नेपाल।
2. 40 वर्षीय अनवीर धामी प्रजन धामी निवासी स्वामिकार्तिक खापर वार्ड नम्बर 03 जिला बाजुरा नेपाल।
3. 60 वर्षीय कल्लूराम चौधरी पुत्र कर्ण बहादूर निवासी बाजुरा नेपाल
4. 38 वर्षीय जयचंद उर्फ बॉबी निवासी कालिदास रोड देहरादून।
5. 22 वर्षीय छोटू निवासी कालिदास रोड देहरादून।
6. 20 वर्षीय प्रियांश निवासी कालिदास रोड देहरादून।
7. 32 वर्षीय सर कटेल धामी पुत्र अनवीर धामी देहरादून ।
