– तीन चरणों में मनाया जाएगा आजादी का अमृत महोत्सव
उत्तरकाशी, उत्तरकाशी जिले में आजादी का पर्व स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जायेगा। इस मौके पर संपूर्ण जनपद में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लगभग दस हजार तिरंगे फहराए जाएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार 8 अगस्त तक स्कूलों की दीवारों और बोर्डो पर तिरंगे से प्रेरित कलाकृति बनाकर सजाया जाएगा और स्कूल, कॉलेजों तथा सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताओ का आयोजन किया जाएगा।
सोमवार को डीएम प्रशांत आर्य ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की। कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के द्वितीय चरण में 9 अगस्त से 12 तक मनाया जाएगा। जिसमें एक दिन तिरंगा मेला और तिरंगा संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जबकि तृतीय चरण में 13 अगस्त से सभी सरकारी व शैक्षणिक संस्थानों आदि भवनों को प्रकाश मय किए जायेंगे। कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को प्रातः 7 बजे से सभी स्कूलों में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली जायेगी। इसके बाद झंडारोहण, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रमो आदि का आयोजन किया जाएगा।
स्वतन्त्रता दिवस पर सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों पर संबंधित कार्यालयाध्यक्षों द्वारा पूर्वाह्न 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके उपरांत जिला कार्यालय में 9:30 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा।
बैठक में एडीएम मुक्त मिश्र,डीएफओ डीपी बलूनी, सीएमओ बीएस रावत,परियोजना निदेशक अजय सिंह, सी एचओ रजनीश सिंह, डीएसओ आशीष कुमार, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र शैली डबराल सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।