आपदा की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है राज्य सरकार -धामी

सीएम धामी ने किया आपदा प्रभावित यमुनोत्री क्षेत्र का हवाई दौरा
उत्तरकाशी,मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी ने रविवार को गत सप्ताह अतिवृष्टि से प्रभावित हुए यमुनोत्री क्षेत्र के सिलाई बैंड, ओजारी और स्यानचट्टी आदि स्थानों का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का गहन अवलोकन किया और स्थिति की गंभीरता का जायजा लिया। उन्होंने सड़कों, पुलों, कृषि भूमि और आवासीय क्षेत्रों को हुए नुकसान का विस्तृत अवलोकन किया।


रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुनोत्री क्षेत्र में भूस्खलन से उत्पन्न आपदा की स्थिति से क्षति का आंकलन करने के लिये हवाई निरीक्षण किया। साथ ही यमुनोत्री क्षेत्र के आसपास की स्तिथि का भी जायजा किया । सीएम ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए राहत और बचाव कार्यों की पुनः समीक्षा की जाएगी। राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित नागरिक के साथ खड़ी है। सरकार द्वारा राहत कार्यों में तेजी व प्रभावशीलता लाई गई है ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर मदद मिल सके।

मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में लगे सभी विभागों, एनडीआरएफ,एसडीआरएफ,व जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विस्थापित परिवारों के लिए पर्याप्त आश्रय, भोजन, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक आपूर्ति सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *