उत्तरकाशी के श्लोक नौटियाल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

सितारों से जगमगाए कंधे: उत्तरकाशी के श्लोक नौटियाल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट
उत्तरकाशी। हौसलों की उड़ान अगर ऊंची हो, तो पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी दोनों ही इतिहास रचते हैं। सरहद की रक्षा का जज्बा लिए उत्तरकाशी के एक और लाल ने भारतीय सेना में अफसर बनकर देवभूमि का मान बढ़ाया है। ओटीए (OTA) चेन्नई की कठिन मिलिट्री ट्रेनिंग पूरी कर श्लोक नौटियाल अब भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। पासिंग आउट परेड के उस गौरवशाली क्षण में जब श्लोक के कंधों पर पीपिंग सेरेमनी के दौरान सितारे सजाए गए, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें गर्व से सजल हो उठीं।

मूल रूप से बड़कोट के ग्राम पालार (पट्टी ठकराल) और हाल निवासी तिलोथ के श्लोक की यह सफलता किसी मिसाल से कम नहीं है। उनके पिता शांति प्रसाद नौटियाल, जो राजकीय इंटर कॉलेज धौन्तरी में प्रधानाचार्य के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, और माता श्रीमती सरोजनी देवी के लिए यह पल किसी सपने के सच होने जैसा है। श्लोक ने अपनी शुरुआती पढ़ाई एमडीएस स्कूल और केंद्रीय विद्यालय से की, जिसके बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस ऑनर्स में स्नातक किया। लेकिन तकनीकी दुनिया की चमक-धमक के बीच उनका दिल हमेशा सेना की वर्दी के लिए धड़कता था।

कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प के दम पर श्लोक ने यूपीएससी सीडीएस (UPSC CDS) परीक्षा और एसएसबी इंटरव्यू के कठिन पड़ावों को पार किया। चेन्नई की तपती धूप और सख्त अनुशासन के बीच प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब वह देश सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए उनके माता-पिता के साथ बड़े भाई आदित्य नौटियाल और बहन आरोही नौटियाल भी चेन्नई पहुंचे थे। वर्दी में सजे श्लोक को देख परिजनों का सीना फख्र से चौड़ा हो गया। जनपद के युवाओं के लिए श्लोक की यह उपलब्धि एक नई प्रेरणा बनकर उभरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *