एसटीपी और आस्था पथ के प्रस्ताव राज्य समिति को भेजें

उत्तरकाशी,डीएम डॉ मेहरबान सिंह बिष्ट ने जोशियाड़ा, ज्ञानसू, उत्तरकाशी तथा गंगोरी क्षेत्रों में सीवरेज प्लांट की स्थापना एवं जोशियाड़ा व ज्ञानसू आदि में प्रस्तावित आस्था पथ परियोजनाओं को राज्य समिति में प्रेषित करने के निर्देश गंगा प्रदूषण इकाई को दिए हैं। कहा कि जनपद में प्रस्तावित परियोजनाओं को राज्य स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि स्वीकृति की प्रक्रिया को शीघ्रता से आगे बढ़ाया जा सके।
जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला गंगा समिति की बैठक हुई। बैठक में गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने हेतु तरल व ठोस कचरा प्रबंधन,प्लास्टिक अपशिष्ट नियंत्रण तथा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंन जनपद स्तरीय गंगा कार्य योजना तैयार किए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कहा कि गंगा की स्वच्छता केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है,अपितु यह सामूहिक प्रयास का विषय है। गंगा स्वच्छता को लेकर प्रत्येक विभाग को अपने स्तर से सक्रिय योगदान देना होगा। तथा गंगा तटवर्ती सभी कस्बों एवं यात्रा पड़ावों पर ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। गंगा नदी किनारे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को रोकने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिलाधिकारी ने स्वजल विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि गंगा से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में कचरा निस्तारण हेतु समुचित कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि 20 या अधिक कमरों वाले होटलों में एसटीपी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। बैठक में एडीएम पीएल शाह, एसडीएम देवानंद शर्मा, शालिनी नेगी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एसडीओ मयंक गर्ग, सीएचओ डॉ. रजनीश कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी केके जोशी, पर्यावण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूड़ा, समिति के सदस्य अशोक सेमवाल आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *