-सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए घर के आंगन में घूमते हुए तीन भालुओं का झुंड
उत्तरकाशी,भटवाड़ी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भालुओं की दहशत लगातार जारी है। गत गुरुवार रात्रि को क्षेत्र के मल्ला गांव में एक घर के आंगन में तीन भालुओं का झुंड घूमता दिखाई दिया, इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। भालुओं के झुंड की यह तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, गत रात्रि को करीब 12 बजे के आसपास मल्ला गांव निवासी धर्मेन्द्र राणा के सीसीटीवी कैमरे में भालुओं का झुंड कैद हो गया। इस वीडियो में तीन भालू घर के आंगन में एक साथ घूमते दिखाई रहे हैं। विकासखंड भटवाड़ी के विभिन्न गांव में भालू की दहशत जारी रहने से ग्रामीणों में काफी भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से रात्रि ग्रस्त बढ़कर भालुओं को आबादी से दूर भगाने की मांग की है। वहीं भालुओं के अभी तक शीत निद्रा में न चले जाना वन्य जीव विशेषज्ञों और वन विभाग के लिए एक रिसर्च का विषय बन गया है। इस तरह तीन तीन भालुओं का घर के आंगन में घूमना ग्रामीणों के लिए आश्चर्य बन गया है और अब लोग रात में घर से बाहर आने में भी डर रहे हैं, जिससे लोग भालुओं के दहशत से घरों में कैद होकर रह गए हैं। डीएफओ उत्तरकाशी वन प्रभाग डीपी बलूनी ने बताया कि विभाग की ओर से गांव में गश्त बढ़ा दी गई है। पिंजरा भी लगाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों को सतर्क होकर भालुओं को पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की और गांव में अकेले जाने से बचने की सलाह दी है।