शिविर में दर्ज की गई 83 शिकायतें, 63 का निस्तारण

शिविर में लोनिवि और बैंक के कार्मिकों पर भड़के ग्रामीण
डुंडा के पीपली धनारी में जन सेवा शिविर का आयोजन
बैंक ने पीपली में एक व्यक्ति के खाते से निकाले 12 लाख
जिलाधिकारी ने मामले में जांच करने के आदेश दिए
उत्तरकाशी, डुंडा ब्लॉक के न्याय पंचायत पीपली धनारी में आयोजित जन सेवा शिविर में ग्रामीणों ने लोनिवि और एक बैंक की कार्य प्रणाली पर जमकर हंगामा काटा। यहां शिविर में ग्राम कोटी गांव निवासी प्रेम सिंह बिष्ट ने बताया कि पीपली स्थित एक बैंक में उनके खाते से 12 लाख की धनराशि फर्जी हस्ताक्षर कर किसी अज्ञात द्वारा निकाल ली गई। कई बार इसकी शिकायत बैंक अधिकारियों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिस पर मामले का गंभीरता से लेते हुए डीएम प्रशांत आर्य ने लीड बैंक मैनेजर को सप्ताहभर के अंदर जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।
शनिवार को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत न्याय पंचायत पिपली के राइंका में विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान और डीएम प्रशांत आर्य की उपस्थिति में जन समस्याओं की सुनवाई की गई। इस मौके पर डांडा माजफ के ग्रामीणों ने शिकायत की लोनिवि के अधिकारियों की लापरवाही से वर्ष 2004 से माजफ से डांडा तक सड़क अधर में लटकी है। वन विभाग की ओर से वन भूमि हस्तातंरण के लिए सही तथ्य नहीं रखे जा रहे हैं। जिस पर मौके पर मौजूद विधायक सुरेश चौहान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए माज़फ के दो ग्रामीणों के साथ 20 जनवरी के बाद पर्यावरण मंत्रालय में वार्ता कर जल्द कार्यवाही हेतु आश्वासन दिया। किशोर भूषण सेमवाल ने पुजारगांव में एएनएम सेंटर के नए भवन में संचालित और पदों के सृजन हेतु शिकायत की। विधायक द्वारा कहा कि प्रस्ताव बनाकर जल्द भेजा जाएगा। वहीं गोविन्द सिंह पोखरियाल ने भालसी मोटर मार्ग पर बाउंड्री वॉल के प्रतिकर हेतु शिकायत की। जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारी को कहा कि 15 दिन में प्रतिकर प्रस्ताव बनाकर भेजा जाए। शिविर में कुल 83 लिखित शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 63 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष समस्याओं के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। शिविर में ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, पूर्व जिपं अध्यक्ष नत्थी लाल शाह, मंडल अध्यक्ष प्रेमदत्त भट्ट, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गंगाडी, किसान मोर्चा अध्यक्ष विक्रम पंवार, मंडल महामंत्री शंभू प्रसाद भट्ट, संजय पंवार, विजय संतरी, ग्राम प्रधान पिपली वंदना राणा, सहित अन्य ग्राम प्रधान और क्षेपं सदस्य, एसडीएम देवानंद शर्मा, बीडीओ दिनेश जोशी, न्याय पंचायत नोडल अधिकारी रत्नाकर सिंह, अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

फोटो -3- शिविर में जन समस्याओं को सुनते गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान व डीएम प्रशांत आर्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *