उत्तरकाशी,राजकीय इंटर कॉलेज बड़ेथी के व्यायाम शिक्षक विनोद जोशी का चयन विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है। 27 सितम्बर से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में विनोद जोशी टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में कार्य करेंगे।
नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आगामी 27 सितंबर से विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है। इस प्रतियोगिता में 107 देशों के 2508 पैरा एथलीट प्रतिभाग करेंगे। यह आयोजन भारत सहित पूरे दक्षिण एशिया के लिए एक बड़ा और ऐतिहासिक क्षण है। इस प्रतियोगिता में टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में उत्तराखंड से दो लोगों को चयनित किया गया है। जिनमें गढ़वाल के उत्तरकाशी जनपद से राजकीय इंटर कॉलेज बड़ेथी के व्यायाम शिक्षक विनोद जोशी भी प्रतिभाग करेंगे। विनोद जोशी के चयन पर शिक्षक जगत में खुशी की लहर है। जोशी ने बताया कि यह दुनिया का सबसे बड़ा पैरा एथलेटिक्स इवेंट होगा। पहली बार किसी देश में किसी इवेंट में 107 देश भाग लेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली, ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत, धनोल्टी के विधायक प्रीतम सिंह पवार, सामाजिक कार्यकर्ता सुमन बडोनी, भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनीष कुकरेती, डॉक्टर विजय बडोनी ,प्रकाश रमोला सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य व स्टाफ ने खुशी व्यक्त कर जोशी को बधाई दी है।
फोटो – शिक्षक विनोद जोशी