जौनपुर उत्तर प्रदेश के पिता-पुत्री की मलबे में दबने से हुई मौत

– यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भूस्खलन में दबे लोगों का रेस्क्यू जारी
– एक यात्री को सुरक्षति निकाला, दो के मलबे में दबने की आशंका
उत्तरकाशी,चारधाम यात्रा के पहले पड़ाव यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर बीते सोमवार की शाम को भैरव मन्दिर के निकट नौ कैंची नामक स्थान पर हुए भूस्खलन स्थल पर मंगलवार को दूसरे दिन भी रेस्क्यू कार्य जारी रहा। दोपहर तक भी लापता लोगों की तलाश जारी है। जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार आर्य और एसपी सरिता डोबाल घटना स्थल पर मौजूद हैं।

बता दें कि यमुनोत्री पैदल मार्ग पर बीते सोमवार की शाम करीब सवा चार बजे भैरव मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। जिसमें यमुनोत्री धाम के दर्शन करने के बाद वापस जानकी चट्टी को ओर लौट रहे तीर्थयात्री इसकी चपेट में आ गए और मलबे में दब गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची रेक्स्यू टीम ने मलबे से घायल 40 वर्षीय रशिक पुत्र बसराम, निवासी मुम्बई, महाराष्ट्र को बाहर निकाला और उपचार के लिए जानकी चट्टी में भर्ती कराया। वहीं मृतकों की पहचान 47 वर्षीय हरिशंकर पुत्र ओमप्रकाश, निवासी मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर उत्तर-प्रदेश और नौ वर्षीय ख्याति पुत्री हरिशंकर, निवासी मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर उत्तर-प्रदेश के रूप में हुई। हादसे में 35 वर्षीय कमलेश जेठवा पुत्र कांतिबाई, निवासी मुम्बई महाराष्ट्र और 11 वर्षीय भविका शर्मा पुत्री जय शर्मा, निवासी बी-58 कृष्ण विहार नई दिल्ली लापता बताए जा रहे हैं। वहीं मंगलवार सुबह जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार आर्य, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल सहित पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल मौके पर पहुंचे और घटना की यथा स्थिति का जायजा लिया। डीएम आर्य ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का भौतिक निरीक्षण कर रेस्क्यू टीमों को राहत एवं बचाव कार्य के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की जियोलॉजिस्ट टीम को तत्काल निरीक्षण करने और भूस्खलन के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।


————-
रेस्कयू पूरा होने तक रोकी यमुनोत्री धाम की यात्रा
यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भैरव मंदिर के निकट हुए भूस्खलन से मलबे में दबे तीर्थ यात्रियों का रेस्क्यू कार्य जारी है। यहां भूस्खलन से क्षतिग्रस्त रेलिंग एवं पैदल रास्ते का मरम्मत कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है।
मंगलवार को घटना स्थल पर पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार आर्य ने रेस्क्यू कार्य एवं मार्ग मरम्मत के कारण सुरक्षा को देखते हुए यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले तीर्थ यात्रियों को डामटा, नौगांव, बड़कोट, दोबाटा, गंगानी, खरादी, पालिगाड, स्यालना, राना चट्टी, जानकीचट्टी आदि विभिन्न सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है। डीएम ने बताया कि यमुनोत्री धाम के पैदल वैकल्पिक मार्ग की सफाई आदि का काम जारी है, जिसे मंगलवार रात तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद ही यात्रियों को जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम भेजा जाएगा। बता दें कि यमुनोत्री धाम पैदल यात्रा मार्ग पर नौ कैंची नामक स्थान पर बीते सोमवार की शाम को भूस्खलन हो गया था। जिसमें पहाड़ी से आये मलबे की चपेट में पांच लोग दब गए थे। जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो लोग अभी भी लापता चल रहे हैं। रेस्क्यू टीम सर्च अभियान में जुटी है। इस क्षेत्र में यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत पैदल मार्ग के ऊपर रुके हुए पत्थरों को हटाने, यात्रा मार्ग के मरम्मत कार्य, रेलिंग आदि लगाने का कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *