– जिले के गंगोत्री, यमुनोत्री धाम सहित विभिन्न स्थानों पर हुए योग कार्यक्रम
उत्तरकाशी, उत्तरकाशी जिले में शनिवार को 11 वां अर्तराष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर गंगोत्री, यमुनोत्री धाम सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें जिला स्तरीय अधिकारियों सहित स्कूली छात्रों एवं स्थानीय लोगों ने बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया। इस दौरान योगाचार्यो द्वारा योग के विभिन्न आसान करा जीवन के योग के महत्व की जानकारी दी गई।
शनिवार को 11वें अर्तराष्ट्रीय दिवस पर राजकीय कीर्ति इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, नव नियुक्त डीएम प्रशांत आर्य ने किया। इस मौके पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने योग को बेहतर जीवन शैली के लिये अवश्य बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पीएम नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार कर रही है। उन्होंने जिले के नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाकर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने को कहा । वहीं नव नियुक्त डीएम प्रशांत आर्य ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति और आध्यात्मिक उत्थान का भी मार्ग है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति के स्वस्थ, सुखी और तनावमुक्त जीवन में महत्वपूर्ण भूमि निभाता है। योग दिवस पर गंगोत्री, यमुनोत्री धाम सहित भटवाड़ी, ड़ुंडा, चिन्यालीसौड़ सहित बड़कोट, पुरोला तहसील क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी योग दिवस के अवसर पर अपने-अपने स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जिसमें योग के प्रति लोगों की जागरूकता और उत्साह दिखाई दिया।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान,नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, सीडीओ एसएल सेमवाल, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम शालिनी नेगी ,आयुर्वेदिक अधिकारी डा. रतन मणि भट्ट आदि मौजूद रहे।
