उत्तरकाशी में स्थापना दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

-राज्य आंदोलनकारियों ने नगर में भव्य रैली निकाली
-‘बालिका गंगा-यमुना छात्रवृत्ति कार्यक्रम का भी शुभारंभ
उत्तरकाशी। रामलीला मैदान में उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती सप्ताह का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर रविवार को राज्य आंदोलनकारियों ने नगर में भव्य रैली निकाली।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी की अभिनव पहल के तहत ‘बालिका गंगा-यमुना छात्रवृत्ति कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। इस योजना के अंतर्गत बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों को 21 हजार रूपये के चेक वितरण और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। डीएम ने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत यह स्कॉलरशिप बेटियों को शिक्षा के प्रति और अधिक प्रेरित करेगी। उन्होंने मेधावी छात्राओं को किताबें भेंट की और इस अवसर पर ‘योजना दीदी’ पुस्तक तथा रीप टीम द्वारा तैयार मोमेंटो का भी विमोचन किया।

कार्यक्रम में दिव्यांग विद्यालय की प्रबन्धक विजयलक्ष्मी जोशी, सुरेन्द्र रावत एवं गंगोत्री फिजिकल एकेडमी के संस्थापक चन्द्रमोहन पंवार को उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया। इसके साथ ही आकांक्षी ब्लॉक मोरी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और धराली आपदा राहत कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एनजीओ संचालकों और एसडीआरएफ टीम को भी सम्मानित किया गया। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं तथा बालक-बालिका वर्ग की क्रॉस कंट्री दौड़ में शीर्ष छह प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। रिप के माध्यम से सामूहिक उद्यमिता और लखपति दीदी समूहों को उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार ने राज्य स्थापना दिवस पर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें, इसके लिए सभी को समन्वित प्रयास करने होंगे।
इसीडीओ जयभरत सिंह ने आकांक्षी ब्लॉक मोरी की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह ब्लॉक राज्य में दूसरे स्थान पर है।


कार्यक्रम में ये भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दीपेन्द्र कोहली, डीएफओ डीपी बलूनी, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम देवानंद शर्मा, शालिनी नेगी, पीडी अजय सिंह, सीएओ एसएस वर्मा, सीएचओ डॉ. रजनीश सिंह, महाप्रबंधक उद्योग शैली डबराल, जिला पर्यटन अधिकारी केके जोशी, डीएसओ आशीष कुमार, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटुड़ा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *