उत्तरकाशी में कारगिल दिवस पर शहीद की पत्नी का सम्मान

उत्तरकाशी, जनपद मुख्यालय में शनिवार को कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्र के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वीर वाले सैनिकों की शहादत को याद किया गया।
ज्ञानसू स्थित शौर्य स्थल में आयोजित मुख्य समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दर्जाधारी राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य आदि ने कारगिल शहीद दिनेश चंद्र कुमांई के चित्र पर पुष्प चक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर राज. राइफल्स, आईटीबीपी, उत्तराखंड पुलिस तथा एनसीसी की टुकड़ियों ने शहीदों के सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। समारोह में कारगिल राईफलमैन शहीद दिनेश चंद्र कुमांई की धर्मपत्नी वीरनारी अनीता देवी को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि हमारे वीर सैनिकों के पराक्रम और बलिदान के कारण हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित बनी हुई हैं। देश व उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए श्री चौहान ने कहा कि करगिल के ऑपरेशन में इस क्षेत्र के सैनिकों ने अग्रणी भूमिका निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है।
राज्य दर्जाधारी मंत्री प्रताप सिंह पंवार ने कहा कि देश हमेशा इन जांबाज योद्धाओं का ऋणी रहेगा जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में एसपी सरिता डोबाल, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम शालिनी नेगी, मेजर आरएस जमनाल, सूबेदार महावीर सिंह राणा, 12 बीएन आईटीबीपी शेखर सिंह, राज. राइफल सुरेन्द्र सिंह आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *