शिविर में अनुपस्थित लोनिवि के अधिकारियों पर बिफरे डीएम,

– न्याय पंचायत भेटियारा में आयोजित शिविर में अनुपस्थित रहे लोनिवि के अधिकारी
– शिविर में जीरामजी योजना का पोस्टर किया लॉन्च
उत्तरकाशी, न्याय पंचायत भेटियारा में आयोजित जन सेवा शिविर में लोनिवि के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा और एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। बुधवार को राइंका धौंतरी में डीएम प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान की मौजूदगी में जन समस्याओं की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 27 लिखित शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष जटिल मामलों के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में सीरी गांव के ग्रामीणों ने सिंचाई की समस्या उठाई। विधायक सुरेश चौहान ने लघु सिंचाई के प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। धौंतरी क्षेत्र में पेयजल की समस्या पर विधायक ने पेयजल निगम के अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा। पूर्व प्रधान राजू दास और ग्रामीणों ने धौंतरी में पुलिस चौकी के स्थानांतरण का मुद्दा उठाया। इस पर विधायक ने पुलिस चौकी को यथावत रखने का आश्वासन दिया। वन विभाग के कर्मचारियों की क्षेत्र में अनुपस्थिति की शिकायत पर डीएम प्रशांत आर्य ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शुक्रवार और शनिवार को क्षेत्र में रहने के निर्देश दिए। विधायक सुरेश चौहान ने इस अवसर पर कहा कि सरकार सीधे जनता के द्वार तक पहुँच रही है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं या सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए तहसील या जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन और राशन जैसी मूलभूत सुविधाएं पारदर्शी तरीके से पहुंचे। शिविर में भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान, दर्जा राज्यमंत्री राम सुंदर नौटियाल, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, जिपं सदस्य प्रियंका रावत, सते सिंह राणा, अरविंद बिष्ट, राजीव नौटियाल, सहित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *