– कांग्रेस किसी भी कीमत पर केंद्र सरकार को मनरेगा से नही करने देगी खिलवाड़- प्रदीप
उत्तरकाशी।जिला कांग्रेस कमेटी ने मनरेगा बचाने के लिए जनांदोलन का ऐलान किया है। कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने प्रेसवार्ता कर कहा कि केंद्र सरकार की मनरेगा को कमजोर करने की साजिश के खिलाफ जनांदोलन शुरू किया जायेगा, जिसमें पंचायत स्तर से जिला स्तर तक गांव-गांव जन संपर्क, पंचायत चौपाल, नुक्कड़ सभाएं तथा धरना प्रदर्शन आदि कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
शनिवार को मुख्य बाजार स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस को संबोधित करते हुए पार्टी जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मनरेगा के मूल स्वरुप की रक्षा करना, ग्रामीणों गरीबों को रोजगार के अधिकार की गारंटी सुनिश्चित करना तथा केंद्र सरकार द्वारा लाये जा रहे वीबी-जी राम जी जैसे जन विरोधी प्रावधानों को वापस लेने के लिए व्यापक जनांदोलन की रुपरेखा तैयार की गयी है, उन्होंने कहा कि आज मनरेगा सिर्फ एक योजना नहीं बल्कि पहाड़ और ग्रामीण भारत के लाखों परिवारों की आजीविका की मजबूत रीढ़ है। उत्तरकाशी जैसे पर्वतीय जिले में जहां राेजगार के अवसर सीमित हैं, वहां पर मनरेगा गरीबों, महिलाओं, दलितों, सीमांत किसानों, भूमिहीन श्रमिकों के लिए जीवन रक्षक सहारा है। कहा कि मनरेगा पर हमला गरीब के पेट पर हमला है, कांग्रेस किसी भी कीमत पर केंद्र सरकार को मनरेगा से खिलवाड़ नहीं करने देगी। उन्होंने केंद्र से वीबी-जी राम जी के प्रावधनों को तुरंत वापस लेने, मनरेगा को मूल स्वरुप में बहाल करने, बजट में पर्याप्त वृद्धि करने, पहाड़ी जिलों के लिए अलग प्रावधान करने की मांग की। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष नागेंद्र जगूड़ी, मनीष राणा, कनकपाल परमार, कमल सिंह रावत, अभिषेक जगूड़ी, दिवाकर भट्ट, अनवीर पंवार, आनंद पंवार, सुधीश पंवार आदि रहे।