चारधाम यात्रा प्रारंभ से पूर्व सड़क मार्ग पर डामरीकरण कार्य करें पूरा- डीएम

-चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश।
उत्तरकाशी, आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को डीएम प्रशांत आर्य ने अधिकारियों के साथ गंगोत्री धाम की यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को यात्रा से पूर्व सभी मूलभूत सुविधाओं को दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को डीएम प्रशांत आर्य ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ चारधाम यात्रा व्यस्था को लेकर गंगोत्री धाम यात्रा रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मंदिर समिति के पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ बैठक की और हाईवे पर चिन्हित भूस्खलन जोन तथा यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख पड़ावों,पार्किंग स्थलों और संवेदनशील स्थानों की समीक्षा की। उन्होंने गंगोत्री धाम में स्नान घाट के सौंदर्यीकरण करने एवं नगर पंचायत के अंतर्गत चल रहे निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। गंगोत्री सीवरेज प्लांट में किचन और बाथरूम का पानी समाहित न होने देने के लिए नगर पंचायत और जल संस्थान को संयुक्त रूप से चेकिंगअभियान चलाने के निर्देश दिए।
यात्रा रूट के निरीक्षण के दौरान डीएम प्रशांत आर्य ने धराली में आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों द्वारा रखी गई मांगों पर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने प्रतिकर से जुड़े मामलों के निस्तारण को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को एक सप्ताह के भीतर लंबित मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं बीआरओ को धराली में सड़क मार्ग पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने तथा यात्रा शुरू होने से पूर्व सड़क मार्ग पर डामरीकरण कार्य पूर्ण करने के भी निर्देश बीआरओ को दिए।
………..
इस दौरान एसडीएम शालिनी नेगी,सीओ जनक पंवार,ईई मनोज गुसाईं,सचिन सिंघल,परियोजना प्रबन्धक उरेडा मयंक नोटियाल,परियोजना प्रबन्धक रीप कपिल उपाध्याय, खण्ड विकास अधिकारी डॉ.अमित मंमगाई,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *