
छह माह मुखबा गांव व खरसाली में ही कर सकेंगे श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और पूजा
उत्तरकाशी, राजेन्द्र भट्ट
विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर विधिवत पूजा अर्चना के साथ 12:05 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन पड़ाव मुखीमठ (मुखबा) के लिए रवाना हुई। डोली बुधवार सुबह मुखबा पहुंचेगी। जहां अब श्रद्धालु आगामी छह माह तक मुखीमठ (मुखबा) में ही मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। वहीं दूसरी ओर यमुनोत्री व केदारनाथ धाम के कपाट आज भैयादूज पर बंद होगे।
मंगलवार को गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने की तैयारी सुबह 09 बजे से शुरू हुई। सर्वप्रथम उदय बेला पर मां गंगा के मुकुट को उतारा गया। इस बीच श्रद्धालुओं ने मां के भोग मूर्ति के दर्शन किए। इसके बाद अमृत बेला, स्वाति नक्षत्र प्रीतियोग शुभ लग्न पर ठीक 12:05 पर गंगोत्री धाम के कपाट देव डोलियों की मौजूदगी में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद किए गए। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने विशेष पूजा व गंगा लहरी का पाठ किया। डोली में सवार होकर गंगा की भोगमूर्ति जैसे ही मंदिर परिसर से बाहर निकली तो पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। आर्मी की टू कुमाँऊ रेजीमेंट बैंड की धुन और परंपरागत ढोल दमाऊ की थाप के साथ 12: 15 पर तीर्थ पुरोहित गंगा की डोली को लेकर शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए पैदल रवाना हुए।
रात्रि विश्राम के लिए गंगा की डोली मुखबा से चार किमी पहले चंदोमति के देवी के मंदिर में पहुंचेगी। 11 नवंबर की सुबह मां गंगा की डोली चंदोमती माता मंदिर से मुखीमठ स्थित गंगा मंदिर में पहुंचेगी। जहां आगामी छह माह तक मां गंगा की विधिवत पूजा अर्चना की जाएगी। इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री भाजपा फणींद्रनाथ शर्मा, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, नगरपालिकाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, राजेश सेमवाल, पवन सेमवाल, हरीश सेमवाल, एसडीएम शालिनी नेगी,सीओ जनक सिंह पंवार सहित तीर्थ पुरोहित एवं देश-विदेश के सैंकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।
………………

यमुनोत्री धाम के कपाट आज होंगे बंद
उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर आज बुधवार को भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। यमुनोत्री मंदिर समिति के अनुसार के सचिव सुनील उनियाल ने बताया कि 11 नवंबर को शुक्ल पक्ष की द्वितीय तिथि, अनुराधा नक्षत्र, सौम्य योग और धनु लग्न में सुबह 10:28 बजे मां यमुना के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन प्रवास खरसाली के लिए रवाना होगी। इसके साथ ही केदारनाथ धाम के कपाट भी आज ही बंद होंगे। जिसके लिए तीर्थ पुरोहितों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।