– सुबह 11 : 55 मिनट पर विधिवत पूजा अर्चना के बाद खोल दिए गए यमुनोत्री धाम के कपाट
उत्तरकाशी, विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 11: 55 मिनट पर रोहिणी नक्षत्र शुभ योग पर ग्रीष्म काल के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ विधिवत खोल दिए गए हैं। आज से ग्रीष्मकाल में छह माह तक मां यमुना दर्शन यमुनोत्री धाम में होंगे।
अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर बुधवार को सुबह 8:38 बजे मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खुशीमठ से शनिदेव की डोली की अगुवाई में मां यमुना की डोली यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। इस दौरान यमुनोत्री धाम क्षेत्र में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज एवं मां यमुना के जयकारों से गुंजायमान रहा। खरसाली से सुबह रवाना हुई मां यमुना की डोली करीब साढ़े 10 बजे यमुनोत्री धाम पहुंची। जहां विधिवत हवन, पूजा अर्चना के बाद रोहिणी नक्षत्र शुभ योग पर सुबह 11 बजकर 55 मिनट पर ग्रीष्म काल के लिए यमुनोत्री धाम में मंदिर के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले दिए गए। अब आज से ग्रीष्मकालीन 6 माह तक देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन यमुनोत्री धाम में कर सकेंगे।
इस मौके पर यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजीव उनियाल, सचिव सुनील प्रसाद उनियाल, गौरव उनियाल, पुरूषोतम उनियाल, श्रवण उनियाल, कुलदीप उनियाल, नरेश उनियाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, पूर्व जिपं अध्यक्ष जशोदा राणा,सुरेश उनियाल, पवन उनियाल, एसउीडीएम बृजेश कुमार तिवारी, सहित देश विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।