10:30 मिनट पर गंगोत्री, 11:55 पर खोले गए यमुनोत्री धाम के कपाट
दोनो धामों के कपाट खुलने के बाद चारधाम यात्रा विधिवत शुरू
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चराण पूजा अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। गंगोत्री धाम के कपाट 10:30 व यमुनोत्री के कपाट ठीक दोपहर 11:55 मिनट पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। वहीं बुधवार को दोनो धामों के कपाट खुलने के बाद चारधाम यात्रा का भी विधिवत शुभारंभ हो गया।
बुधवार को सुबह प्रात: सात बजे मां गंगा की डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री के लिए रवाना हुई। जो कि ठीक साढ़े आठ बजे गंगोत्री धाम पहुंची। जहां तीर्थ पुरोहितों ने विधिवत पूजा अर्चना, गंगा लहरी, गंगा सहस्त्रनाम का पाठ करने के बाद रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 10:30 पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिये गए।
वहीं दूसरी ओर मां यमुना की डोली अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली से शनिदेव महाराज की अगुवाई मे 8:15 पर यमुनोत्री धाम को रवाना हुई, जो 10 बजे यमुनोत्री धाम पहुंची। जहां हवन, पूजा के बाद वैदिक मंत्रोचार के साथ 11:55 पर यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।
####
गंगोत्री धाम पीएम मोदी के नाम से की गई पहली पूजा
उत्तरकाशी। बुधवार को गंगोत्री धाम कपाट उदघाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गंगोत्री पहुंचे। जहां उन्होंने मां गंगा की पूजा अर्चना की, ओर अखंड ज्योति के दर्शन किए। इस मौके पर उन्होंने पीएम मोदी के नाम से पहली पूजा की ओर मां गंगा से देश व प्रदेश की कुशलता की कामना की।
वहीं कपाट खुलने के अवसर पर देश विदेश से आए श्रद्धालुओं भी अखंड ज्योति के दर्शन किए ओर गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।