उत्तरकाशी,
आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य को उत्तरकाशी भ्रमण के दौरान भेंट कर सुपरवाईजर के पद हेतु चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को शीघ्र नियुक्ति दिए जाने का अनुरोध किया है। मंत्री ने कार्यकत्रियों को भरोसा दिलाया कि उन्हें शीघ्र ही नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जायेंगे। उन्होंने बताया कि नियुक्ति के संबंध में पत्रावली मुख्यमंत्री के अनुमोदन हेतु भेजी गई है। जिस पर जल्दी ही अनुमोदन मिलने की उम्मीद है।
सुपरवाईजर के लिए चयनित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के भ्रमण पर जिला मुख्यालय पंहुची महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती आर्य का स्वागत करते हुए कहा कि मंत्री के प्रयासों से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की सालों से लंबित माॅंग के अनुरूप सुपरवाईजर के पद पर नियुक्ति के लिए अंतिम चयन सूची जारी हो चुकी है। लेकिन उन्हें अभी तक नियुक्ति नहीं मिल सकी है। नियुक्ति प्रक्रिया में विलंब के कारण अनेक पात्र व चयनित कार्यकर्त्रियां सेवानिवृत्ति की आयु पार कर गई हैं और उन्हें इस चयन का कोई लाभ नहीं मिल सका है। नियुक्ति में और देरी होने से कई अन्य चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां भी सुपरवाईजर पर पर नियुक्ति पाने से वंचित हो सकती हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों ने अंविलंब नियुक्ति पत्र जारी किए जाने का आग्रह करते हुए इस दिशा में आर्य के द्वारा किए गए सार्थक प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
बाल विकास मंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में संपत्ति त्रिपाठी, राज्यश्री रतूड़ी, विजयलक्ष्मी नौटियाल, वंदना, किरन भंडारी, पूनम, लखनी देवी, लक्ष्मी नौटियाल, सुमित्रा, सरिता बधनी सहित अन्य आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रही।